गीता शोध संस्थान एवं मंगलायतन विवि के मध्य एमओयू

30 दिसंम्बर 2025 को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी (उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद) और अलीगढ़ का मंगलायतन विश्वविद्यालय भविष्य में ब्रज की संस्कृति संरक्षण और संवर्द्धन के ध्येय से कला, साहित्य व सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन एक दूसरे के यहां करेगा।
इस संबंध में आपसी सहयोग का एक महत्वपूर्ण समझौता पत्र (एमओयू) हुआ है। इस एमओयू के अंतर्गत गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में रासलीला सीखने वाले प्रशिक्षु एवं मंगलायतन विवि के विद्यार्थी परस्पर शैक्षणिक भ्रमण करेंगे। दोनों जगह अभिनय एवं रंगमंचीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा। रासलीला मंचन, ब्रज संस्कृति से संबंधित सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संगोष्ठियाँ, कार्यशालाएँ तथा श्री कृष्ण चित्रांकन शिविर आदि दोनों जगह आयोजित किए जाएंगे। गीता से जुडें प्रेरक कार्यक्रम भी मंगलायतन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए होंगे। भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप अन्य कार्यकलाप भी होते रहेंगे।
एमओयू के अवसर पर मंगलायतन विश्वविद्यालय अलीगढ के रजिस्ट्रार ब्रिगेडियर सुमेरवीर सिंह एवं कला संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम रानी के अलावा गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन के निदेशक दिनेश खन्ना तथा संस्थान के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने हस्ताक्षर कर एमओयू को औपचारिक रूप दिया।
गीता शोध संस्थान के समन्वयक श्री सिकरवार ने बताया कि ब्रज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन एवं शैक्षणिक प्रसार की दिशा में यह एमओयू महत्वपूर्ण पहल है।